बिंदकी (फतेहपुर)। जाफरगंज के गहरूखेड़ा भरथरी आश्रम के पास सोमवार की रात एक पिकअप और ट्रैक्टर की भिड़ंत हो गई। पिकअप सवार एक शख्स ने दम तोड़ दिया, बाकी नौ लोग घायल हैं। पिकअप में सवार लोग अंतिम संस्कार से गांव लौट रहे थे। पुलिस ने घायलों को सीएचसी बिंदकी में भर्ती कराया है।
कोतवाली क्षेत्र के कोरवां निवासी किसान फहमुद्दीन की बेटी साबिया खातून की बीमारी से मौत हो गई थी। उसके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए चांदपुर थाने के आवाजीपुर गांव से दस लोग पिकअप से कोरवां गांव गए थे। लौटते समय भरथरी आश्रम के मोड़ पर सामने से आ रहे ट्रैक्टर की तेज रोशनी के कारण पिकअप चालक इमरान संतुलन खो बैठा। पिकअप सरसों का भूसा लदे ट्रैक्टर से टकराने के बाद खंती में गिर गया। गनीमत रहा कि
खंती में ही करीब पांच फिट की दूरी पर एक जंगली बबूल के पेड़ में पिकअप अटक गई। सूचना पर जाफरगंज थानाध्यक्ष एमपी सिंह फोर्स के साथ पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से रस्से के सहारे लोगों को बाहर सुरक्षित निकाला गया। बाद में क्रेन से पिकअप को सड़क पर खींचा गया। ट्रैक्टर वाले लोग घटना के बाद भाग निकले। पिकअप
सवार घायलों में इस्लाम के बेटे अंसार(55) की मौत हो गई। किसान अनवर खान की पत्नी शाहीन (25), शफीक की पत्नी अतिया(40), अंसार की पत्नी परवीन(40), अबरार(62) और उसकी पत्नी अनीशा खातून(60), अबरार का बेटा इमरान(24), सिराजुद्दीन का बेटा जुम्मन(40), सरफराज की पत्नी जाहिदा(35), आरिफ की पत्नी साबिरा(35) समेत नौ लोगों को घायल हालत में सीएचसी बिंदकी में भर्ती कराया गया।
ट्रैक्टर व पिकअप की भिड़ंत, एक की मौत, नौ घायल
अंतिम संस्कार से लौटते समय हुआ हादसा, घायलों को सीएचसी बिंदकी में भर्ती कराया गया
अमर उजाला ब्यूरो