बैंक के स्ट्रंागरुम के दरवाजे का कटा कुंडा
- फोटो : बैंक के स्ट्रंागरुम के दरवाजे का कटा कुंडा
मलवां थाने के बड़ौदा पूर्वी उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैक की ओखरा कुंवरपुर शाखा में रविवार रात चोरी की कोशिश हुई। पीछे की दीवार पर बने लोहे का जंगला काटकर चोर भीतर तो घुसे लेकिन तमाम कोशिश के बाद भी तिजोरी नहीं खोल सके। खिसिआए में चोरों ने पूरे कमरे में जो भी सामान दिखा तोड़फोड़ कर उसे बर्बाद कर दिया। घटना की जानकारी सोमवार सुबह शाखा प्रबंधक के बैंक पहुंचने पर हुई। बैंक में चोरी की सूचना पर सीओ सिटी केडी मिश्रा पुलिस बल के साथ पहुंचे। फ्रिंगर प्रिंट की टीम ने तिजोरी और दरवाजे पर फ्रिंगर प्रिंट लिए।
ओखरा कुंवरपुर में सडक़ किनारे ततवा पटेल के भवन में बड़ौदा पूर्वी उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की शाखा संचालित है। शाखा प्रबंधक हरिश्चंद्र जोशी ने बताया कि शनिवार को वह अपनी देखरेख में बैंक में ताला बंद कराकर घर गए थे। बैंक के पीछे तालाब है। वहां पर आबादी नहीं है। रात में चोर पीछे लगे लोहे का जंगला काटकर अंदर घुसे और उसके बाद पीछे खुलने वाले लोहे के दरवाजे की कुंडी को किसी कटर से काटकर दरवाजा खोला। सीसीटीवी के एक कैमरे पर तौलिया डाल दिया, दूसरे को तोड़ डाला। कंट्रोल के लिए बने सीपीयू को तहस-नहस कर दिया। इसके बाद चोर स्ट्रांग रूम पहुंचे। लोहे के दरवाजे का ताला न तोड़ पाने पर उसकी कुंडी की कटर से काट दी। तिजोरी को तोड़ने व खोलने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो सके। इसके बाद गुस्से में चार सीलिंग फैन व फर्नीचर तोड़ डाले। बैंक के कागजात इधर-उधर फैला डाला। शाखा प्रबंधक ने आशंका जताई की यह घटना एक रात में नहीं हो सकती है। ऐसे में लगता हो कि चोरों ने पहले शनिवार की रात प्रयास किया। इसके बाद रविवार की रात भी बैंक का कैश निकालने की पूरी कोशिश की लेकिन तिजोरी न काट पाने में सफल होने पर घटना को अंजाम नहीं दे पाए। थानाध्यक्ष नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शाखा प्रबंधक की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ चोरी करने के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बैंकों में नहीं चौकीदार. अक्सर होते हैं चोरी के प्रयास
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। बैंकों में चौकीदार की व्यवस्था न होने से बैंक शाखाओं में चोरी की घटनाओं के प्रयास होते हैं। इसके बाद भी बैंक अधिकारी इन घटनाओं को हल्के लेकर चौकीदार की व्यवस्था नहीं करा रहे हैं।
एक साल पहले धाता थाना क्षेत्र के बड़ौदा पूर्वी उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा अढौली में नकब लगाकर चोरी करने का प्रयास किया गया था, लेकिन चोर अपने मकसद में सफल नहीं हो पाए थे। डेढ़ महीने पहले खागा में किशनपुर रोड स्थित बैंक आफ बड़ौदा की शाखा पीछे लगा लोहे का जंगला काटकर चोरी का प्रयास हो चुका है, लेकिन चोरों को सफलता नहीं मिली थी। बड़ौदा पूर्वी उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की ओखरा कुंवरपुर शाखा मेें इसके पहले दो बार चोरी का प्रयास हो चुका है। रविवार की रात यहां तीसरी घटना है।
नहीं चेते, मैनुअल अलार्म रखा
अल्लीपुर। दो बार पहले भी चोरी होने के बाद भी बैंक प्रबंधन नहीं चेता। सीसीटीवी कैमरे तो लगवाए लेकिन अलार्म को आटो नहीं कराया। बैंक कर्मियों ने बताया कि अलार्म लगा तो है लेकिन मैनुअल होने के नाते बोला नहीं। इसमें जब कोई बटन दबाता है तभी अलार्म बजता है।