बकेवर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवमई क्षेत्र के एक गांव में डेंगू मरीज की पुष्टि होने के बाद सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर लगाकर मरीजों की जांच और उपचार किया। डॉ. प्रशांत सिंह और लैब सहायक अखिलेश प्रजापति की टीम ने 40 मरीजों की जांच कर उन्हें दवाएं दीं।
इस दौरान 15 मरीजों की मलेरिया और टाइफाइड जांच के लिए स्लाइड बनाई गईं। वहीं सात मरीजों के डेंगू के नमूने लेकर जांच के लिए जिला मुख्यालय भेजे गए। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. मनीष शुक्ला ने बताया कि बिजौली निवासी चंदा कुमारी में इलाज के दौरान डेंगू की पुष्टि हुई थी। इसके बाद गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाकर मरीजों की जांच और उपचार कराया गया।