फतेहपुर। एसआईआर कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। शुक्रवार को फार्म छह, सात और आठ जमा करने की प्रक्रिया का अंतिम दिन रहा। इन दावे और आपत्तियों का निस्तारण 27 मार्च तक किया जाएगा जबकि मैपिंग का कार्य अभी जारी रहेगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी व अपर जिलाधिकारी अविनाश त्रिपाठी ने बताया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, कटवाने या संशोधन कराने के लिए दावे और आपत्तियां ली जा रही थीं। शुक्रवार को इसकी अंतिम तिथि थी। जिले के 13 ब्लॉकों में 2,364 बीएलओ के साथ ईआरओ और एईआरओ ने दावे और आपत्तियां प्राप्त कीं।
उन्होंने बताया कि प्राप्त सभी दावे और आपत्तियों का निस्तारण 27 मार्च तक किया जाएगा। साथ ही नोटिसों की सुनवाई लगातार की जा रही है और मतदाता सूची से संबंधित मैपिंग का कार्य भी जारी है।
अपर जिलाधिकारी ने शाम चार बजे तक की स्थिति बताते हुए कहा कि कुल 3,34,312 नोटिस जनरेट की गई थीं। इनमें से 2,99,326 नोटिसों का वितरण किया जा चुका है। देर शाम तक यह संख्या तीन लाख के पार पहुंच गई।
उन्होंने बताया कि यह नोटिस मैपिंग न होने, नाम में भिन्नता या उम्र में अंतर होने की स्थिति में जारी की गई हैं। इन नोटिसों के आधार पर अब मतदाताओं को अलग से दावा या आपत्ति करने की आवश्यकता नहीं होगी।