खागा। जनपद के सभी थानों में वर्ष खड़े कबाड़ वाहनों को डिस्पोज करने के लिए जनपद स्तर पर एक मैदान का चयन किया जाएगा। इसके लिए एक बड़ी
सुरक्षित जमीन खोजी जा रही है। जहां जनपद के सभी थानों पर पड़े कबाड़ वाहनों को लाकर खड़ा किया जाएगा। थाना स्तर पर फिलहाल खागा कोतवाली को खाली किया गया है।
हाल ही में खागा कोतवाल सुरेश चंद्र ओमहरे ने दुर्घटनाग्रस्त व अपराध वाले वाहनों से ढंकती जा रही कोतवाली को साफ करने का अभियान चलाया
था। इसमें कोतवाली के बाहर गेट पर खडे कबाड़ वाहनों को हटाकर उन्हें महिंचा मंदिर चौकी के पास एक मैदान में रखवाया गया। यह पता चलने पर पुलिस
अधीक्षक राहुल राज का कहना है कि यह अभियान जल्द ही पूरे जनपद में देखने को मिलेगा।
डीएम आंजनेय कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस विभाग की इस समस्या को लेकर विचार किया जा चुका है। जनपद स्तर पर एक बड़े और सुरक्षित मैदान को चिह्नित करने का काम चल रहा है। जगह चिन्हित होते ही यहां पर पूरे थानों पर वर्षों से खड़े वाहनों को लाकर रखा जाएगा। सुरक्षा के इंतजाम किए जाएंगे, जिससे थाने साफ और स्वच्छ दिखेंगे।