अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर।
बिजली विभाग और पुलिस की खींचतान में करीब दो सौ घरों की बत्ती गुल है। उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इधर, पुलिस ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त की रिपोर्ट लिखकर बैठ गई है। जेई का कहना है कि चोरी हुई है, पुलिस चोरी की रिपोर्ट लिखे तो ही उन्हें ट्रांसफार्मर मिलेगा। दोनों की इस खींचतान से इलाकाई लोगों में नाराजगी फैल रही है। समय रहते निपटारा न हुआ तो जनता आंदोलन करेगी।
मामला मौहार गांव का है। यहां एक दिसंबर को 250 केवीए के ट्रांसफार्मर से तेल और क्वायल चोरी हुआ था। इस ट्रांसफार्मर से दो सौ घरों को बिजली मिल रही थी। ट्रांसफार्मर को चोरों ने रस्सी से फंसा कर नीचे गिरा दिया था इसके बाद इसका तेल और क्वायल निकाल ले गए थे।
जेई नरेंद्र प्रसाद तिवारी ने बताया कि उन्होंने थाने में ट्रांसफार्मर का सामान चोरी होने की रिपोर्ट लिखाने के लिए तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने ट्रांसफार्मर चोरी होने की बजाय क्षतिग्रस्त होने की रिपोर्ट लिखी है। इससे दूसरा ट्रांसफार्मर नहीं मिल पा रहा है। बिना दूसरा ट्रांसफार्मर लगे जनता का भला नहीं होने वाला।
उधर, ग्रामीण शिवम सिंह, शैलेंद्र, दिनेश तिवारी, राजू, देवेंद्र गुप्ता, धनीराम आदि ने जल्द ही ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति शुरू किए जाने की मांग की है। अधीक्षण अभियंता आरआर सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है चोरी की रिपोर्ट लिखाकर दूसरा ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। पुलिस को चोरी की रिपोर्ट लिख लेनी चाहिए।