हेडमास्टर व शिक्षक की वेतन वृद्घि रोकी
फतेहपुर। बीएसए ने विजयीपुर ब्लाक के प्राथमिक स्कूल चितनपुर में ध्वजारोहण न करने पर प्रधानाध्यापक समेत शिक्षक पर तीन-तीन स्थायी वेतन वृद्घि रोकने की कार्रवाई की है।
विजयीपुर ब्लाक का प्राथमिक स्कूल चितनपुर गढ़ा स्वतंत्रता दिवस पर सुबह नौ बजे तक बंद था। इसकी शिकायत ग्रामीणों ने फोन पर डीएम से की। डीएम के आदेश पर खंड शिक्षा अधिकारी रवींद्र शुक्ला स्कूल पहुंचे। यहां 20 बच्चे मौजूद थे। प्रधानाध्यापक अमिता शुक्ला व सहायक अध्यापक हर्षवर्धन सिंह गैरहाजिर थे। बीईओ की रिपोर्ट पर बुधवार को बीएसए शिवेंद्र प्रताप सिंह ने इनकी तीन-तीन स्थायी वेतन वृद्घि रोकने की कार्रवाई की है।
बीएसए ने बताया कि स्कूल में ध्वजारोहण न किया जाना अपराध है। ऐसे शिक्षकों पर कठोर कार्रवाई किया जाना आवश्यक है।
- स्वतंत्रता दिवस पर स्कूल में नहीं किया झंडारोहण
अमर उजाला ब्यूरो