फोटो-13-जीआईसी परीक्षा केंद्र से परीक्षा देकर बाहर निकलते परीक्षार्थी। संवाद
फतेहपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा के तीसरे दिन शुक्रवार को दोनों पालियों की परीक्षा में कुल 3,043 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। पहली पाली में हाईस्कूल सामाजिक विज्ञान और दूसरी पाली में इंटर अंग्रेजी व संस्कृत की परीक्षा आयोजित हुई। परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और थाना पुलिस क्षेत्रीय केंद्रों में भ्रमण करती रही।
तीसरे दिन 117 परीक्षा केंद्रों में परीक्षा संपन्न हुई। पहली पाली में हाईस्कूल सामाजिक विज्ञान के 36,701 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 1,854 गैरहाजिर रहे और 34,847 ने परीक्षा दी। इसी पाली में इंटर कृषि शस्य विज्ञान के 396 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 381 उपस्थित रहे और 15 अनुपस्थित रहे।
दूसरी पाली में इंटर अंग्रेजी और संस्कृत की परीक्षा हुई। इसमें 28,458 पंजीकृत परीक्षार्थियों में 1,174 गैरहाजिर रहे। परीक्षा की निगरानी के लिए सभी सचल दल सक्रिय रहे। डीआईओएस राकेश कुमार ने बताया कि सभी 117 केंद्रों में परीक्षा शांतिपूर्ण और नकल मुक्त संपन्न हुई।
रास्ते में गिरे प्रवेश और रजिस्ट्रेशन पत्र को फाड़ा
खखरेरू थाना क्षेत्र के सुदेशरा निवासी इंटर के छात्र मोहम्मद तबीज का प्रवेश और रजिस्ट्रेशन पत्र रास्ते में गिर गया। छात्र ने बताया कि 18 फरवरी को दोपहर 1.10 बजे तेंदुआ मोड़ के पास स्थित बुदवन इंटर कॉलेज में परीक्षा देने जा रहा था। तभी उसका प्रवेश पत्र और रजिस्ट्रेशन रास्ते में गिर गया। आरोप है कि किसी व्यक्ति ने प्रपत्रों को फाड़ दिया। इससे उसे परीक्षा देने में परेशानी हुई। थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
फोटो-13-जीआईसी परीक्षा केंद्र से परीक्षा देकर बाहर निकलते परीक्षार्थी। संवाद