जाफरगंज। नयापुरवा गांव में एसआईआर का नोटिस दिए जाने से झल्लाए एक युवक ने महिला बीएलओ को पीट दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र की मुन्नी देवी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और भीखमपुर क्षेत्र में बीएलओ हैं। वह बृहस्पतिवार को बेटे अमनराज और भतीजी अंजली के साथ गांव में एसआईआर की नोटिस वितरण के लिए गई थीं। मुन्नी देवी ने बताया कि सुखेंद्र सिंह को एसआईआर नोटिस दिया गया। आरोप है कि सुखेंद्र ने नोटिस लेने से इन्कार किया और आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया।
इसके बाद युवक ने डंडे से हमला किया और जान से मारने की धमकी दी। सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई। थानाध्यक्ष धनंजय सरोज ने बताया कि बीएलओ की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट और धमकी की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।