फतेहपुर कोरोना वायरस जानलेवा साबित हो रहा है। जिले में चौबीस घंटे के अंदर कोरोना से तीन लोगों की मौत हो गई। शनिवार को 13 नए संक्रमित मिले। इसके साथ ही मरीजों की संख्या बढ़कर 1997 हो गई है। प्रशासन ने नए संक्रमित निकलने पर कंटेनमेंट जोन बनाए हैं।
सीएमओ डॉ. सूर्य प्रकाश अग्रवाल ने बताया कि शहर समेत असोथर व विजयीपुर में मौत होने की बात सामने आई है। इन मौतों की साथ ही अब तक जिले में कोरोना से 41 लोग जान गवां चुके हैं। शनिवार को जिला कोरोना सेल को 260 सैंपलों की रिपोर्ट मिली। जिसमें कलक्टरगंज का एक पुरुष, नाथपुरी कालोनी का एक पुरुष और कालिकन मंदिर के पास मसवानी की एक महिला व दो पुरुष संक्रमित पाए गए।
बिंदकी के घियाही गली की एक महिला, बारातीनगर का एक पुरुष व कल्याणपुर का एक पुरुष कोरोना पॉजिटिव निकला। इसी तरह से खागा तहसील क्षेत्र के हथगाम के वार्ड नंबर दो से एक महिला व एक पुरुष और सदर तहलील के भलेवा अहेवा एक पुरुष, हुसैनगंज की एक महिला और कंधिया का एक पुरुष कोरोना ग्रसित पाया गया। डीएम संजीव सिंह ने नए मामले सामने आने पर कंटेनमेंट जोन बनाए हैं।