फतेहपुर। फ्री फायर गेम खेलने में बालक को फंसाकर साइबर अपराधियों ने ढाई लाख रुपए वसूल लिए। इसका पता लगने पर परिवार ने बच्चों का गेम खेलना बंद करा दिया। शातिर ने परिवार को फोन पर गेम खेलने का दबाव बनाते हुए जान से मारने की धमकी दी। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के रानी कॉलोनी निवासी आनंद कुमार शुक्ला की पत्नी साधना शुक्ला ने साइबर थाने में शिकायत करते हुए बताया कि उसका बेटा नाबालिग है। वह उनके मोबाइल पर गेम खेलता था। बेटे को गेम के जरिए शिवम नाम के युवक ने फंसा लिया। बेटे से धीरे-धीरे कर करीब ढाई लाख रुपये वसूल लिए। कुछ दिन पहले बैंक खाता चेक करने पर पता लगा कि रुपये यूपीआई के जरिए ट्रांसफर किए गए हैं। मोबाइल के बारे में बेटे को जानकारी थी। बेटे से शिवम रुपये वसूलता रहा है। उन्होंने गेम डिलीट कर बेटे को मोबाइल से दूर कर दिया। गेम न खेलने पर शिवम ने फोन किया। उसके फोन उठाने पर शिवम ने गेम खेलने का दबाव बनाया। गेम न खेलने पर उसकी और परिवार की हत्या करने की धमकी दी। साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक सरवन कुमार सिंह ने बताया कि आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पासवर्ड की बेटे की जानकारी थी। इस चक्कर में साइबर अपराधी ने बच्चे को निशाना बनाया है। परिवारों को बच्चों पर नजर रखनी चाहिए।