सीडीओ भवानी सिंह ने मंगलवार को खरीफ की फसल के बीमा की चेक बैंक मैनेजर को सौंपी। इसमें 25 हजार 106 किसानों को फसल बीमा का लाभ दिया जाएगा। फसल बीमा का लाभ लेने वाले किसानों की संख्या सबसे ज्यादा उत्तर प्रदेश ग्रामीण पूर्वी बड़ौदा बैंक की है।
कृषि उपनिदेशक जीसी कटियार ने बताया कि खरीफ की फसल में सूखे से 57 फीसदी फसलें बर्बाद हो गईं थीं। टाटा एआईजी बीमा कंपनी में किसानों के प्रीमियम की धनराशि जमा हुई थी। खरीफ में बर्बाद फसलों के बीमा मुआवजे की धनराशि 14 करोड़ 21 लाख रुपये कंपनी ने भुगतान कर दी है।
सभी बैंक मैनेजरों को निर्देश दिया गया है कि एक सप्ताह के अंदर किसानों के खाते में धनराशि भेजकर बैंक में लिस्ट चस्पा कर दें, जिससे किसानों को मिली धनराशि का पता चल सके। इस मौके पर जिला कृषि अधिकारी रविकांत सिंह, बीमा कंपनी के प्रतिनिधि सुनील कुमार श्रीवास्तव मौजूद रहे।