फतेहपुर। मेले में रोजगार का अवसर मिला है। इससे आर्थिक लाभ के साथ काम का अनुभव भी मिलेगा। आज के समय में अनुभवी युवाओं की मांग अधिक है। यह बातें सोमवार को नोडल राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित रोजगार मेले में चयनित अभ्यर्थियों ने कहीं। मेले में आईटीआई उत्तीर्ण और डिप्लोमा धारकों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों ने साक्षात्कार के बाद 24 अभ्यर्थियों का चयन किया।
रोजगार मेले में 32 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। जिले की लक्ष्मी एग्रो मलवां और गुजरात की बीकेटी टायर कंपनी के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। बीकेटी टायर के प्रतिनिधि अरुण ने बताया कि गुजरात में रोजगार के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।
चयनित युवाओं को 19,500 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा, जिसमें 2,500 रुपये भोजन के खर्च के लिए काटे जाएंगे। अभ्यर्थियों को महीने में 26 दिन और प्रतिदिन आठ घंटे काम करना होगा।
लक्ष्मी एग्रो के प्रतिनिधि आलोक शुक्ला ने बताया कि कंपनी ने अभ्यर्थियों का चयन प्रशिक्षण के लिए किया है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उन्हें गुजरात भेजा जाएगा। वहां 20 हजार रुपये तक प्रतिमाह वेतन मिलेगा।
प्राचार्य डॉ. राज कुमार सिंह ने अभय, अभिषेक कुमार, हिमांशु द्विवेदी, विमलेश पाल, अनिल कुमार, शिवचरन, दुर्गेश सिंह, धीरू और नीरज कुमार समेत अन्य चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए। नियुक्ति पत्र पाकर अभ्यर्थियों के चेहरे खिल उठे।
ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट अधिकारी अमित मिश्र ने बताया कि मंगलवार को बिंदकी आईटीआई में रोजगार मेले का आयोजन होगा। आईटीआई उत्तीर्ण और डिप्लोमा धारक अभ्यर्थी सुबह 10 बजे पहुंचकर मेले में प्रतिभाग कर सकते हैं।
फोटो-15-आईटीआई में आयोजित रोजगार मेले में पंजीकरण कराते अभ्यर्थी। संवाद