खखरेरू। क्षेत्र के गुरसंडी स्थित निष्पक्ष देव विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में शुक्रवार को रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसमें 453 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों ने साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया के जरिये 221 युवाओं का रोजगार के लिए चयन किया। इनमें से 12 अभ्यर्थियों को मुख्य अतिथि राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने नियुक्ति पत्र सौंपे।
रोजगार मेले का शुभारंभ राज्यमंत्री और बुंदेलखंड राष्ट्रीय समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण पांडेय ने संयुक्त रूप से किया। राज्यमंत्री ने कंपनियों के स्टॉलों का निरीक्षण कर चयन प्रक्रिया की जानकारी ली। साथ ही युवाओं को रोजगार के उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
मेले में कुल 15 कंपनियों को प्रतिभाग करना था, लेकिन मिंडा और ब्लीकेट कंपनी के प्रतिनिधि नहीं पहुंचे। शेष 13 कंपनियों ने अभ्यर्थियों की योग्यता के आधार पर साक्षात्कार लेकर चयन प्रक्रिया पूरी की।
इनमें वेलस्पन, भारतीय जीवन बीमा निगम, फतेहपुर प्राइम कनेक्ट सर्विस, ब्राइट फ्यूचर, आरएसोसिएट, रक्षा सिक्योरिटी, अडानी सोलर, पुखराज हेल्थकेयर, फ्लुरा इंश्योरेंस, फ्लिपकार्ट, वोडाफोन और जयशक्ति सहित अन्य कंपनियां शामिल रहीं।
जिला सेवायोजन अधिकारी प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि रोजगार मेले का मुख्य उद्देश्य जिले के बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र की कंपनियों से जोड़कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। इस मौके पर शैलेश पांडेय, चेतन बाजपेयी, मनीष पांडेय, रामनरेश तिवारी, गिरीश दुबे, राकेश अरोड़ा, महेंद्र सिंह, आनंदी प्रसाद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
फोटो-29-फतेहपुर: रोजगार मेले में अभ्यर्थी को नियुक्ति पत्र प्रदान करतीं राज्यमंत्री। संवाद