फतेहपुर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में जिला स्तरीय इंडिया स्किल्स प्रतियोगिताएं 15 नवंबर से 15 दिसंबर के बीच आयोजित होंगी। प्रतियोगिता में जिले के 16 से 21 वर्ष आयु वर्ग के 2192 युवाओं ने 56 कौशल श्रेणियों में सिद्ध पोर्टल पर पंजीकरण कराया है। जिला स्तर पर सफल प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
आईटीआई के प्रधानाचार्य डॉ. राज कुमार सिंह ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं सात चरणों में आयोजित की जाएंगी। प्रत्येक चरण में नौ-नौ कौशल श्रेणियों की प्रतियोगिताएं होंगी। इसके लिए 16 से 18 नवंबर, 19 से 21 नवंबर, 26 से 28 नवंबर, 30 नवंबर से दो दिसंबर, तीन से पांच दिसंबर, सात से नौ दिसंबर और 10 से 12 दिसंबर की तिथियां निर्धारित की गई हैं।
उन्होंने बताया कि कुकिंग में सबसे अधिक 260 युवाओं ने पंजीकरण कराया है। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक्स में 257, थ्रीडी डिजिटल गेम आर्ट में 184, ब्यूटी थेरेपी में 179 और एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग में 106 युवाओं ने रुचि दिखाई है।
इसके अलावा फैशन टेक्नोलॉजी, बेकरी, इलेक्ट्रिकल इंस्टॉलेशन, हेल्थ एंड सोशल केयर, आईटी नेटवर्क, एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस और क्लाउड कंप्यूटिंग सहित अन्य कौशल श्रेणियों में भी युवाओं ने पंजीकरण कराया है। जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मौका मिलेगा।