फतेहपुर। प्रधानमंत्री कार्यालय ने प्रशासन से ऐसे कार्यों की सूची मांगी है, जिनका शिलान्यास प्रधानमंत्री के हाथों से कराया जा सके। प्रधानमंत्री जनवरी के अंत और फरवरी माह के प्रथम सप्ताह के बीच में आ सकते हैं।
जिलाधिकारी आंजनेय कुमार सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। प्रशासनिक अमला प्रधानमंत्री से राजकीय मेडिकल कॉलेज और रेलपार्क जैसी अति महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का शुभारंभ कराने की तैयारी में है। इसके अतिरिक्त पीएम से एकसाथ तेरह गोशालाओं का शुभारंभ भी कराने का
होमवर्क चल रहा है। यह पूरे देश में पहला अवसर होगा जब प्रधानमंत्री एक साथ इतने बड़े पैमाने पर गो शालाओं का शुभारंभ करेंगे। डीएम विभागवार योजनाओं की समीक्षा कर रहे हैं। शिलान्यास के क्रम में प्रस्तावित केंद्रीय विद्यालय और नए आईटीआई संस्थानों के बारे में भी विचार किया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री के साथ केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व राज्यपाल राम नाईक के भी आगमन की संभावना हैं।
मेडिकल कॉलेज की कार्यदायी संस्था के रूप में सरकार ने सीएनडीएस को नामित किया है। मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए सीएनडीएस ने 277.94 करोड़ रुपये का स्टीमेट तैयार किया है। इसके सापेक्ष सरकार ने 212.50 करोड़ का बजट अनुमोदित कर दिया है। कताई मिल परिसर में मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए सीएनडीएस की
टीम ने मौका मुआयना किया। इसके बाद जमीन की नाप में बदलाव की दरकार की गई है। तहसीलदार सदर विदुषी सिंह ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के लिए पहले फ्रंट में 235 फीट जमीन दी गई थी। जिसके आधार पर
सीएनडीएस ने मेडिकल कॉलेज भवन निर्माण का नक्शा तैयार किया था। मगर अब मेडिकल कॉलेज का प्रशासनिक ब्लाक भी मुख्य इमारत के साथ फ्रंट में रखने का नक्शा तैयार किया गया है। जिसके लिए अब मेडिकल कॉलेज के लिए 360 फिट फ्रंट में जमीन की दरकार की गई है। जिसकी नाप कर दी गई है।
माह के आखिर में प्रधानमंत्री रख सकते हैं मेडिकल कॉलेज की नींव
पीएम के दौरे की तैयारियों में जुटा प्रशासन, पीएम से शिलान्यास कराने वाली योजनाओं की बन रही सूची
अमर उजाला ब्यूरो