अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। नंदन कानन एक्सप्रेस ट्रेन से जेसीओ की लापता मां रविवार को मलवां क्षेत्र के एक नर्सिंगहोम में मिली हैं। वह यहां तक कैसे पहुंची, इसे लेकर छानबीन की जा रही है। जीआरपी के सिपाही महिला को लेने गए हैं और महिला के बेटे को सूचना दे दी है। वे इलाहाबाद से फतेहपुर आ रहे हैं।
डिफेंस में जेसीओ राजेंद्र पात्र अपनी मां तुलसी पात्र, पत्नी संतोषी और दो बच्चों के साथ भुवनेश्वर से नंदन कानन ट्रेन के एसी कोच नंबर बी-3 में बैठे थे। वे परिवार के साथ दिल्ली जा रहे थे। उन्होंने बताया कि ट्रेन रुकने पर मां टायलेट के लिए सीट से उठ कर गईं, इसके बाद भटक कर शुक्रवार को लापता हो गई थीं।
जीआरपी एसआई मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि मलवां गांव के धौरपुर गांव में महिला के होने की सूचना मिली है। महिला को लेने के लिए सिपाहियों को गांव में भेजा गया है। उधर, जेसीओ राजेंद्र पात्र का कहना है कि मां की सूचना मिली है। फतेहपुर आने के बाद पता चलेगा कि मां वहां कैसे पहुंच गईं।