सरकारी संपत्तियों पर कब्जा मिला तो कार्रवाई
फतेहपुर। सरकारी संपत्तियों के कब्जेदारों पर कार्रवाई होगी। डीएम ने तीन दिन के भीतर कब्जों को चिन्हित कर हटाने का अल्टीमेटम दिया है। डीएम मदन पाल आर्य ने शुक्रवार को तीनों तहसीलों के एसडीएम को आगाह करते हुए पत्र भी जारी किया है।
जिले में सदर, बिंदकी और खागा तहसील हैं। तीनों तहसीलों में तमाम लोग सरकारी जमीनाें पर काबिज हैं। किसी ने विद्युत विभाग की जमीन कब्जा रखी है तो किसी ने नहर विभाग की। सबसे से ज्यादा कब्जे सदर तहसील में हैं।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को महाराजगंज की दो तहसीलों के एसडीएम को इसी मामले में सस्पेंड किया है। इसके बाद जिला प्रशासन ने भी तेजी दिखाई है।
डीएम ने अपने नायबों को सरकारी संपत्तियों से कब्जे चिन्हित कर 72 घंटे में हटाने का समय दिया है। डीएम ने नोटिस के बाद भी कब्जे न छोड़ने वालों पर एफआईआर दर्ज कराने केे निर्देश दिए हैं। डीएम ने कहा कि ऐसे लोगों से सख्ती से पेश आएं।
- डीएम ने तीनों तहसीलों के एसडीएम को दिया कब्जे हटवाने का अल्टीमेटम
अमर उजाला ब्यूरो