फतेहपुर। शहर की 21 करोड़ लागत वाली परियोजना छह साल में भी पूरी नहीं हो पाई। शहर जलनिकासी के लिए निर्माणाधीन नाले अभी भी अधूरे हैं। केंद्र सरकार के बजट से बनने वाले छह प्रमुख नालों का निर्माण अभी तक पूरा नहीं हो पाया है। शहर के बाकरगंज में अभी तक नाला निर्माण चल रहा है।
2018 में केंद्र सरकार ने शहर की जलनिकासी के लिए 21 करोड़ से छह नालों के निर्माण को स्वीकृत प्रदान की थी। निर्माण की जिम्मेदारी जलनिगम को मिली थी। जलनिगम ने पुराने नाले तोड़ कर नए नालों का निर्माण शुरू कराया था। जल निगम ने शादीपुर से पटेलनगर, पटेलनगर से आईटीआई रोड, जिला अस्पताल से बिंदकी बस स्टैंड, नउवाबाग से बाकरगंज, लोधीगंज से बाकरगंज, बाकरगंज से रामगंज पक्का तालाब तक नालों का निर्माण शुरू कराया था। इनमें अभी तक कोई नाला पूर्ण नहीं है। नाला निर्माण बीच-बीच में छोड़कर कराया गया है। ऐसे में पानी नालों के बजाय सड़कों से बहता है, जिससे हर साल सड़कें खराब हो रही हैं। इसका खामियाजा नगर पालिका को भुगतना पड़ रहा है। अवर अभियंता उज्जवल कुमार का कहना है कि बजट मिलने में विलंब होने के कारण नाला निर्माण मेंं विलंब हो रहा है। कई स्थानों पर नाला निर्माण पूर्ण कराने में बिजली के पोल बाधक बने हैं। अब बारिश के पहले सभी नालों का निर्माण पूरा हो जाएगा।