अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। ट्रेन से गिरकर जान गंवाने वाले एसपी आफिस के बाबू अशोक कुमार भारती (42) के पार्थिव शरीर को पुलिस लाइन में रविवार को सलामी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। परिजन रो-रो कर बेहाल दिखे। पुलिस अधीक्षक ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया।
इलाहाबाद झूंसी थाना क्षेत्र के छिवइया निवासी अशोक कुमार भारती (एसआईएम) की शनिवार शाम संगम एक्सप्रेस से गिरकर प्लेटफार्म पर मौत हो गई। वह इलाहाबाद जा रहे थे। प्लेटफार्म पर ट्रेन पकड़ते समय हाथ छूट जाने से यह हादसा हुआ। सूचना पर पत्नी सुनीता देवी और छोटे भाई सुरेश परिवार समेत आए। मुर्दाघर में शव को देखते ही सुनीता बदहवास हो गई। पोस्टमार्टम के बाद पार्थिव शरीर पुलिस लाइन लाया गया। पुलिस अधिकारियों ने सलामी देकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
एसपी श्रीपर्णा गांगुली ने बिलखती पत्नी सुनीता को ढांढस बंधाया। परिजनों ने बताया कि अशोक अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियाें का परिवार छोड़ गए हैं। सीओ सिटी केडी मिश्रा, यातायात प्रभारी अर्जुन सिंह, यूपी 100 डायल के उपनिरीक्षक सनुज यादव, आबूनगर चौकी इंचार्ज इजहार अहमद ने अर्थी को कंधा देकर पुलिस वाहन में रखवाया।