अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने बोर्ड परीक्षा के संवेदनशील केंद्रों की सूची घोषित कर दी है। एसडीएम की रिपोर्ट पर जिले में कुल 18 केंद्र संवेदनशील की श्रेणी में रखे गए हैं। इन केंद्रों में नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए एसटीएफ, पीएसी और एलआईयू की टीमें मुस्तैद करने के लिए डीआईओएस ने लिखा पढ़ी कर दी है।
बोर्ड परीक्षा 2018 में संवेदनशील केंद्र घोषित करने के लिए भौगोलिक स्थिति का मानक बनाया गया है। दूरांचल और संकुचित मार्गों पर स्थित परीक्षा केंद्र इस दायरे में शामिल किए गए हैं। सदर मेें छह, खागा में पांच तथा बिंदकी तहसील क्षेत्र में संवेदनशील परीक्षा केंद्रों की संख्या सात है।
सदर में आदर्श इंटर कालेज बेसड़ी, ललौली इंटर कालेज ललौली, अशोक इंटर कालेज शाखा, विद्या निकेतन बालिका इंटर कालेज रानी कालोनी शहर, शिवमंगल सिंह इंटर कालेज जखनी, लोकभारती इंटर कालेज सरकंडी परीक्षा केंद्र संवेदनशील हैं।
खागा तहसील क्षेत्र में राजकीय इंटर कालेज अर्जुनपुर गढ़ा, रामेश्वर सिंह शिवबालक सिंह इंटर कालेज बेलाईं, अढौली इंटर कालेज अढौली, जनता इंटर कालेज मोहम्मदपुर गौंती, पीतांबर नाथ इंटर कालेज मनमोहनपुर हथगाम संवेदनशील केंद्र हैं।
बिंदकी तहसील क्षेत्र में रामदीन सिंह इंटर कालेज गाजीखेड़ा, पं. दयाशंकर शुक्ल इंटर कालेज भैंसौली, पीसीपी इंटर कालेज दरियापुर, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज सुल्तानगढ़, आदर्श जनता इंटर कालेज औंग, आदर्श कृषि इंटर कालेज बड़ाहार गढ़ी तथा शिवगोपाल गुप्त उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चौडगरा को संवेदनशील केंद्रों की सूची में शामिल किया गया है।
डीआईओएस महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि संवेदनशील केंद्रों में एक राजकीय, 10 वित्तपोषित तथा सात वित्तविहीन परीक्षा केंद्र हैं।
केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक कल
बोर्ड परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक, बाह्य केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की बैठक 24 जनवरी को सुबह 11 बजे विकास भवन सभागार में डीएम लेंगे। बैठक में एसपी, सभी एसडीएम, सीओ मौजूद रहेंगे। बैठक में केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा सामग्री का वितरण किया जाएगा।
परिचय पत्रों का वितरण 27 से
डीआईओएस कार्यालय में 27 जनवरी से कक्ष निरीक्षकों के परिचयपत्र और ड्यूटी का वितरण किया जाएगा। पहली फरवरी को सभी शिक्षक अपने स्कूल से रिलीव होकर दो फरवरी को परीक्षा केंद्र में ज्वाइन करेंगे। तीन फरवरी को केंद्र व्यवस्थापक अनुपस्थित कक्ष निरीक्षकों की सूचना भेजेंगे। चार को अनुपस्थित कक्षनिरीक्षकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनके स्थान पर बेसिक शिक्षा विभाग सेे शिक्षकों की मांग की जाएगी।
तहसीलवार 29 से बंटेंगी कापियां
राजकीय इंटर कालेज में 29 जनवरी से बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण शुरू होगा। डीआईओएस महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पहले दिन सदर तहसील के परीक्षा केंद्रों को कापियां बांटी जाएंगी। 30 जनवरी को बिंदकी तथा 31 जनवरी को खागा तहसील के परीक्षा केंद्रों के लिए उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण किया जाएगा। तय तिथि को केंद्र व्यवस्थापक उत्तर पुस्तिकाएं प्राप्त करने की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं।