फतेहपुर। राजभवन में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित राज्य सड़क सुरक्षा परिषद की बैठक में सड़क हादसों और उनके कारण होने वाली मौतों की संख्या को कम करने के निर्देश दिए गए थे। यातायात निदेशालय से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार जिले में अक्तूबर 2025 में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या 56 रही। अक्तूबर 2024 में यह संख्या 70 थी। इसका मतलब है कि सड़क हादसों में 20 प्रतिशत की कमी आई है। इसी अवधि में सड़क हादसों में होने वाली मौतों की संख्या भी 37 से घटकर 27 रही यानी 27 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।
मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि पर डीएम रविंद्र सिंह को शाबासी दी और बाकी महीनों में भी सड़क सुरक्षा को और बेहतर बनाने के लिए विशेष एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। इसमें सड़क और इंजीनियरिंग सुधार, रैपिड रिस्पॉन्स टीम की तैनाती, गोल्डन ऑवर में बेहतर ट्रामा केयर सुविधा, प्रभावी प्रवर्तन और व्यापक जन जागरूकता अभियान को शामिल किया गया है।
डीएम रविंद्र सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं और उनके कारण होने वाली मौतों को कम करने के लिए यातायात नियमों के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने के अभियान चलाए जाएंगे। इसके अलावा योजनाबद्ध तरीके से काम करते हुए सड़क हादसों और दुर्घटनाओं में 50 प्रतिशत तक की कमी लाने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि बेहतर रोड इंफ्रास्ट्रक्चर, प्रभावी ट्रामा केयर और तेज रैपिड रिस्पॉन्स व्यवस्था के माध्यम से इस लक्ष्य को हासिल किया जाएगा। सभी संबंधित विभाग इस दिशा में लगातार निगरानी और कार्रवाई करेंगे। भविष्य में भी इस सुधार को बनाए रखने पर जोर दिया जाएगा।
फोटो-23-डीएम रविंद्र सिंह। संवाद