फतेहपुर। ट्रकों केे खराब होने से शहर के बांदा-सागर हाईवे पर सोमवार रात करीब 11 बजे से जाम लगना शुरू हो गया। देखते-देखते 20 किमी लंबा जाम लग गया। मंगलवार सुबह नौ बजे जाम खुलने के बाद राहगीरों ने राहत की सांस ली।
शहर के पीएसी मोड़ पर दो ट्रकों के खराब हो जाने से हाईवे पर आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। देखते ही देखते सड़क पर वाहनों की कतार लग गई, जो नउवाबाग से लेकर जिंदपुर टोल प्लाजा तक पहुंच गई। जाम ने लोगों को पूरी रात परेशान किया। इसके साथ राधा नगर के पास एक अन्य भारी वाहन के खराब हो जाने से हालात और बिगड़ गए। रात में मैकेनिक न मिलने से वाहनों को ठीक नहीं कराया जा सका। इससे हाईवे पर फंसे वाहनों को निकलने की जगह नहीं मिली।
जाम की स्थिति इतनी विकराल हो गई कि भारी वाहनों की कतार लग गई। गर्मी व उमस में फंसे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे मैकेनिक मौके पर पहुंचे और खराब वाहनों को हटाया गया, तब जाकर यातायात व्यवस्था धीरे-धीरे सामान्य हो सकी। पुलिस और यातायात विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्था को संभाला और वाहनों को एक-एक कर निकालना शुरू किया। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क खराब होने से अक्सर भारी वाहनों के फंसने से जाम लग जाता है। कई बार सड़क को ठीक करने की मांग की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। यातायात प्रभारी लाल जी सविता ने बताया कि भारी वाहनों के बीच सड़क पर खराब होने के कारण ऐसी स्थिति बनी। एक तरफ से वाहनों का आना जाना जारी रखा गया।