फतेहपुर। तहसील खागा के सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे। कुल 196 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से केवल 22 निपट सकीं। शेष प्रार्थना पत्रों को संबंधित अफसरों को सौंप निस्तारण की बात कही गई।
एडीएम सुनील कुमार ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस पर उन्होंने कहा कि निस्तारण केवल औपचारिकता न बने बल्कि मौके पर जाकर संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य है।
खागा के रामनरेश ने बताया कि शिकायत दर्ज हो गई है लेकिन पहले भी कई बार आवेदन के बाद समाधान नहीं मिला। किशनपुर की सीमा देवी ने कहा कि समस्या सुनी गई है अब कार्रवाई का इंतजार है। मोहम्मद सलीम के अनुसार शिकायतें अधिक रहीं। मौके पर निस्तारण कम हुआ।
सुरेश कुमार का कहना है कि सुनवाई होती है लेकिन समाधान में समय लग जाता है। रेखा देवी ने कहा कि यदि समस्याओं का निस्तारण मौके पर हो जाए तो बार-बार तहसील आने की जरूरत नहीं पड़े।