अमर उजाला ब्यूरो
धाता। क्षेत्र के ऐमापुर पेट्रोल पंप के पास सोमवार देर रात गड्ढे में फंसने से ट्रक खराब हो गया। ट्रक को गड्ढे से निकालने में दूसरा ट्रक भी फंस गया। इससे पूरे दिन धाता-खागा मार्ग पर जाम लगा रहा।
रुक-रुककर हो रही बारिश और सड़क पर जाम से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कार, ट्रैक्टर, लोडर जहां के तहां खड़े हो गए। मंगलवार सुबह हालात और भी खराब हो गए। जाम से निकलने के चक्कर में कई वाहनों के आड़े-तिरछे होने से स्थिति बिगड़ गई। बाइक सवार घंटों फंसे रहे।
खागा से महेवा घाट को चलने वाली बसों व वाहनों के धाता और रक्षपालपुर में खड़े रहने से सवारियों को परेशान होकर लौटना पड़ा। छोटे वाहनों, दो पहिया व चार पहिया वाहनों के चालक खंतवा, ऐमापुर डेडासई आदि गांवों के खड़ंजा व कच्चे मार्गों से निकले। क्रेन सुबह 11 बजे आई। वह बारिश की वजह से सफल नहीं हो सकी। बड़ी क्रेन मंगाने पर अपरान्ह चार बजे जाम खुल सका। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
गड्ढे में फंसे ट्रक, 16 घंटे जाम रहा धाता-खागा मार्ग
क्रेन की ली गई मदद