अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। निकाय चुनाव की मतगणना के दौरान तीनाें मतदान केंद्रों में हंगामा हुआ। खागा के शुकदेव इंटर कालेज में किशनपुर नगर पंचायत के एक निर्दल प्रत्याशी के बैलेट पेपर वाले खाने के अधिकांश मत अवैध हो जाने से हो हल्ला शुरू हो गया।
इस पर प्रेक्षक प्रकाश चंद्र श्रीवास्तव को पहुंच कर दखल देनी पड़ी। खागा विधायक कृष्णा पासवान ने भी आरओ पर सवाल खड़े किए। राजकीय इंटर कालेज में एसडीएम के गलत एनांउस से सपा प्रत्याशी के बेटे ने कड़ा एतराज किया। जिसके बाद एसडीएम ने भूल होने की बात कहकर मामले को शांत किया। सोहन लाल द्विवेदी राजकीय बालिका इंटर कालेज के बाहर भीड़ लगाए लोगों को पुलिस ने लाठियां पटक कर तितर बितर किया।
दोपहर किशनपुर नगर पंचायत से दूसरे नंबर पर रहे निर्दल प्रत्याशी अंबुज शुक्ला ने बैलेट पेपर के अधिकांश वोट अपने खाने अवैध घोषित होने पर दोपहर एक बजे बवाल खड़ा कर दिया। उन्होेंने कहा कि उन्हें जानबूझ कर हराने के लिए ऐसा किया गया है। यह बात क्षेत्रीय भाजपा विधायक कृष्णा पासवान के पास पहुंची तो वह भी विरोध जताने पहुंच गईं।
उनकी आरओ से इस मामले में कहासुनी तक हुई। इसकी जानकारी पर प्रेक्षक प्रकाश चंद्र श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंचे और अवैध मतों की दोबारा जांच कराई। इस प्रक्रिया से अंबुज की हार का अंतर थोड़ा कम हो गया।
इसके चलते यहां का परिणाम पूरे सात घंटे बाद घोषित हुआ। खागा नगर पंचायत में बैलेट बाक्स की सील टूटी होने की बात पर कांग्रेस व बसपा के प्रत्याशी ने हंगामा काटा। एसडीएम के हस्ताक्षेप पर यहां भी मामला शांत हो सका।
किशनपुर सीट पर निर्दल प्रत्याशी का हंगामा
दोबारा गिने गए अवैध मत, सदर में गलत प्रसारण से हंगामा