फतेहपुर। जिले में बिना लाइसेंस मीट की दुकानें चलाने वालों पर प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की जांच में खुलासा हुआ है कि 18 मीट की दुकानें अवैध रूप से संचालित की जा रहीं थीं। विभाग ने इन सभी दुकानदारों के खिलाफ कोर्ट में वाद दर्ज किया है।
सूचना का अधिकार के तहत मांगी गई जानकारी के जवाब में जनसूचना और खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मराज मिश्र ने बताया कि जिले में कुल 62 वैध मीट दुकानें संचालित हैं। 18 दुकानें बिना लाइसेंस के चल रहीं थीं। सभी मामलों में विभाग की ओर से कोर्ट में मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
लखनऊ स्थित खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन मुख्यालय के निर्देश पर यह जानकारी जारी की गई है। मुख्यालय ने जिले में मीट की दुकानों के लाइसेंस की स्थिति तलब की थी।
खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि जांच के दौरान बिना लाइसेंस पाई गई दुकानों पर नियमानुसार कार्रवाई की गई है और वैध रूप से संचालित दुकानों की भी जांच की जाएगी।