थरियांव(फतेहपुर)। उपकेंद्र के असोथर फीडर की 26 दिन से खराब केबल सही कराने के लिए बिजली विभाग की टीम ने ट्रैक के दोनों ओर खुदाई शुरू करा दी है। हालांकि रेलवे प्रशासन ने बिजली विभाग को केबल डालने के लिए अनुमति अभी तक नहीं दी है। अनुमति मिलने के बाद ही केबल डाली जाएगी।
रेलवे ट्रैक के नीचे से केबल के माध्यम से निकाली गई हाईटेंशन लाइन 26 दिन से खराब हैं। केबल बदलने के लिए रेलवे टीम का निरीक्षण करने के बाद ही बिजली विभाग ने काम शुरू करा दिया। रेलवे परिक्षेत्र के बाहर दोनों ओर जेसीबी मशीन से गड्ढों की खुदाई शुरू करा दी है। साथ में नई केबल भी मौके पर रखा दी है। रेलवे प्रशासन से
आदेश मिलते ही नई केबल डालने का काम शुरू होगा। जेसीबी मशीन से गड्ढों की खुदाई का काम देख कर लोगों की भीड़ लग गई। वहां पर मौजूद बिजली विभाग के कर्मचारियों से कब तक बिजली सही होगी, इसकी जानकारी लेते रहे। बता दें कि असोथर फीडर से रेलवे लाइन के दूसरी ओर करीब 50 गांवों में बिजली आपूर्ति दी जाती है। हाईटेंशन लाइन को रेलवे ट्रैक पार करने के लिए नीचे से केबल डाली गई है, जो 26 दिन से लाइन में फाल्ट की
वजह से खराब है। तब से रेलवे लाइन के दक्षिण दिशा के सभी गांवों की बिजली आपूर्ति बंद है। किसानों के निजी नलकूप, आटा चक्की, राजकीय नलकूप शोपीस बने हुए हैं। ज्यादातर गेहूं की फसल सिंचाई के अभाव से खराब हो गई है। औरई गांव के किसान दीपक कुमार उर्फ बचोले तिवारी ने बताया कि राजकीय नलकूप हो या निजी नलकूप दोनों में बिजली से ही सिंचाई होगी। क्षेत्र की बिजली व्यवस्था लड़खड़ाने से गेहूं की फसल तो खराब हो गई है।
वर्जन
अवर अभियंता हरिकेश ने बताया कि बिजली व्यवस्था जल्द बहाल करने के लिए रेलवे की जमीन से बाहर दोनों ओर गड्ढा की खुदाई कराकर केबिल रख दी गई है। रेलवे से आदेश मिलते ही नई केबिल लगा दी जाएगी।