अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। किसानों को खाद खरीदने के लिए अब पीओएस मशीन में अंगूठा लगाना पड़ेगा। साथ में आधार कार्ड भी लाना होगा। इसके बाद ही खाद खरीद सकेंगे। खाद लेने के बाद मशीन से दो रसीद निकलेंगी। एक रसीद किसान को और दूसरी रसीद दुकानदार के पास रहेगी। दूसरी रसीद से दुकानदार अपने दस्तावेज दुरुस्त करेंगे।
फिलहाल सरकार ने किसानों के लिए खाद की मात्रा की कोई लिमिट तय नहीं की है। इसमें किसान कहीं से भी खाद ले सकेगा। कोई प्रतिबंध नहीं है। किसानों को खाद के लिए लाइन भी नहीं लगानी पड़ेगी। किसी किसान के नाम की खाद दूसरा किसान भी नहीं ले सकेगा।
खाद की दुकानों में लगी 429 मशीन
जिले में 429 पीओएस मशीन खाद विक्रेताओं को बांटी जा चुकी हैं। इसमें 62 मशीनें साधन सहकारी समिति और 367 प्राइवेट दुकानदारों को दी गई हैं। 12 समितियों में अभी मशीनें नहीं हैं। जिला कृषि अधिकारी अमर सिंह ने बताया कि इन 12 समितियों का लाइसेंस नवीनीकरण नहीं हुआ है। नवीनीकरण के बाद मशीन दे दी जाएंगी।
दुकानदार यहां कराएं स्टाक फीडिंग
जिला कृषि अधिकारी अमर सिंह ने बताया कि सदर तहसील में दो स्थानों पर समिति व प्राइवेट दुकानदार स्टाक फीडिंग करा सकते हैं। इसमें तेलियानी, हसवा और भिटौरा ब्लाक के दुकानदार वर्मा चौराहा की खाद एजेंसी और बहुआ, असोथर के दुकानदार राधा नगर की उर्वरक एजेंसी में स्टाक फीडिंग करा सकते हैं। बिंदकी तहसील की टारसन ट्रेडर्स में स्टाक फीडिंग होगी। खागा तहसील के खाद विक्रेताओं के स्टाक की फीडिंग अनुपम राइस मिल में की जाएगी।
आधार कार्ड न होने पर कैसे मिलेगी खाद
किसानों को खाद खरीदने के लिए पीओएस मशीन में तीन विकल्प रखे गए हैं। जिन किसानों के पास आधार कार्ड नहीं है। उनको विकल्प के तौर पर किसान क्रेडिट कार्ड और मतदाता परिचय पत्र रखा गया है। खाद खरीदने के लिए किसानाें को इनमें से एक परिचय पत्र जरूरी है।