फतेहपुर। त्योहार से पहले परिवहन निगम ने संविदा चालकों और परिचालकों को राहत देते हुए उनके मानदेय में बढ़ोतरी का फैसला लागू कर दिया है। जनवरी माह में निगम के उच्च प्रबंधन की ओर से जारी आदेश के बाद एक फरवरी से बढ़ा हुआ मानदेय प्रभावी हो गया है।
फतेहपुर डिपो में वर्तमान में 162 संविदा चालक और 166 संविदा परिचालक तैनात हैं। बसों के संचालन में लगातार जिम्मेदारी निभा रहे इन कर्मियों ने सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, क्षेत्रीय प्रबंधक और प्रधान प्रबंधक को कई बार पत्र देकर मानदेय बढ़ाने की मांग उठाई थी। संविदा कर्मियों की मांगों और बढ़ते कार्यभार को देखते हुए जनवरी माह के अंतिम दिनों में परिवहन निगम के उच्चाधिकारियों ने मानदेय में इजाफा किए जाने का आदेश जारी किया।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि अब संविदा चालक और परिचालकों को 2 रुपये 18 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से मानदेय दिया जाएगा जो पहले की तुलना में 14 पैसे प्रति किलोमीटर अधिक है। इस बढ़ोतरी से नियमित रूप से बस संचालन करने वाले संविदा कर्मियों को प्रतिमाह अतिरिक्त आय का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री जनता बस सेवा के अंतर्गत बस संचालन करने वाले संविदा चालक और परिचालकों को 2 रुपये 32 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से भुगतान किया जाएगा। परिवहन निगम के इस निर्णय से संविदा चालक और परिचालकों में संतोष है। उनका कहना है कि मानदेय में हुई बढ़ोतरी से कार्य के प्रति उत्साह बढ़ेगा और यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।