अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। आगामी 21 और 22 फरवरी को लखनऊ में होने वाले इन्वेस्टर्स समिट में उद्योगपतियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मन की बात करेंगे। इस आयोजन में जिले से भी उद्योगपति पहुंचेंगे। आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं।
लखनऊ में होने वाले इन्वेस्टर्स समिति में एमओयू के लिए जिले में प्रस्तावित पांच प्रोजेक्ट भी शामिल हैं। पांच उद्यमी मलवां औद्योगिक क्षेत्र में उत्पादन इकाइयां लगाने को 98 करोड़ रुपये निवेश करेंगे। जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र ने इन्वेस्टर्स समिट के लिए यह प्रस्ताव संयुक्त आयुक्त उद्योग इलाहाबाद मंडल को भेजा है। वीरान हो रहे मलवां औद्योगिक क्षेत्र के एक बार गुलजार होने की उम्मीद है।
एमओयू के लिए सदाहरि शक्ति प्राइवेट लिमिटेड कानपुर, फास्ट ग्रो इंडस्ट्रीज लिमिटेड कानपुर, जेडीएसएल इंडिबिल मलवां, भारती मसवानी फतेहपुर, पिंडारन मेटल उद्योग भेजे गए हैं। उपायुक्त उद्योग शशि बिंदु कुमार ने बताया कि शासन की मंशा के अनुसार मलवां औद्योगिक क्षेत्र को फिर से गुलजार करना है। प्रधानमंत्री के आयोजन में जिले के उद्यमियों को लाभ मिलेगा।