अमर उजाला ब्यूरो
हथगाम (फतेहपुर)। नगर पंचायत बोर्ड की पहली बैठक में सदस्यों ने हंगामा किया। चेयरमैन फूलसिंह पासवान की अध्यक्षता में बैठक में भाजपा सदस्य के नगर पंचायत भवन में महापुरुषों के चित्र लगाने के साथ नगर के मार्गों का भी नामकरण करने का प्रस्ताव पारित किया गया। चेयरमैन का ब्लड प्रेशर बढ़ने के कारण बीच में ही उन्हें अस्पताल जाना पड़ा। बैठक को बीच में ही छोड़कर कई सदस्य चले गए।
बैठक की कार्यवाही ईओ श्रीचंद्र ने शुरू कराई। वित्तीय बजट पेश किया गया। भाजपा सदस्य अंजनी किशोर बाजपेयी के पंचायत भवन में महापुरुषों के चित्र लगाने के साथ सड़कों का नामकरण कराने का प्रस्ताव रखा, जो सर्वसम्मति से पास कर दिया गया।
सदस्य मोहम्मद उमर उर्फ मुन्ना कुरैशी ने आरोप लगाया कि बिना काम किए कुछ लोगों को वेतन दिया जा रहा है। सदस्य अनीस का आरोप था कि खर्च एवं भुगतान का कोई विवरण नहीं दिया जाता है। बैठक में कृषि राज्यमंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी भइया के प्रतिनिधि महेश कुमार साहू, सदस्य मो. उमर, गीता देवी, शरद चंद्र, जितेंद्र सिंह, ज्ञानमती यादव, फरीदा बानो, परवीन बानो, अहमदी बेगम, अंजनी बाजपेयी, सुमित्रा देवी, अनीस उद्दीन, वीरेंद्र कुमार, सैय्यद रेहान अहमद, जेई राजेश श्रीवास्तव, बब्बू सिंह, संदीप कुमार मौजूद थे।