लटकते बिजली के तार से किशोरी झुलसी
फतेहपुर। किशनपुर कस्बे से शिवपुर उपकेंद्र के लिए गई हाईटेंशन लाइन के लटकते तार की चपेट में आने से शुक्रवार को एक किशोरी झुलस गई। किशोरी को गंभीर हालत में हरदों सीएचसी में भर्ती कराया गया है। इलाकाई लोगों ने विद्युत विभाग के अफसरों व कर्मचारियों की लापरवाही से घटना होने का आरोप लगाया है।
वार्ड नंबर तीन निवासी प्रकाश सोनकर की बेटी रेशमा बाल्टी में खाद भरकर खेत पर जा रही थी। ईंट भट्ठे के पास हाईटेंशन तार के नीचे से निकलते समय लोहे की बाल्टी चपेट में आ गई। स्पार्क़िग से वह झुलस कर गिर पड़ी। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। किशोरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
परिजनों का आरोप है कि लटकते तार की सूचना कई बार विभाग को दी गई। इसके बाद भी विभाग ने कोई प्रयास नहीं किए। इससे आगे भी हादसा हो सकता है। दूसरी ओर जेई पंकज प्रकाश सिंह कुशवाहा का कहना है कि लाइन में सप्लाई के वक्त तार कुछ नीचे आ जाते हैं। नए तार और पोल न होने से तार को कसा नहीं जा सका था।
- बाल्टी में खाद लेकर जाते समय हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो