वाद विवाद होने से बीडीओ बैरंग
खागा। ऐरांया विकास खंड के मोहम्मदपुर गौंती में पीएम आवास आवंटन में कमीशनबाजी की जांच के दौरान दो पक्षों मे विवाद हो गया। ऐसे में जांच अधिकारी को जांच छोड़कर लौटना पड़ा।
पीएम आवास की लाभार्थी रामा देवी, मउवा, अनीता, नगमा, विमला देवी समेत एक दर्जन लाभार्थियों ने आवास आवंटन के नाम पर ग्राम प्रधान आसमा देवी और उनके पति सगीर अहमद के कमीशन वसूली की शिकायत की थी। इनका आरोप है कि पहली किस्त ग्राम प्रधान पति ने निर्माण सामग्री देने के नाम पर हड़प ली है।
डीएम के निर्देश पर जांच करने पहुंचे खंड विकास अधिकारी कपिल कुमार लाभार्थियों के बयान ले रहे थे। तभी प्रधान पति और विरोधी पक्ष में कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर बीडीओ बिना जांच के लौट आए। बीडीओ ने बताया कि जांच में आवास विहीन 73 गरीबों को पीएम आवास आवंटित हैं। इनमें से 32 लाभार्थियों के खातों में धनराशि की पहली किस्त आ गई है। खंड विकास अधिकारी ने बताया कि दोबारा जांच कर रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी।
- पीएम आवास योजना में कमीशनबाजी की शिकायत पर गए थे जांच करने