फतेहपुर। मौसम के लगातार बदलते मिजाज का असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। जिला अस्पताल में वायरल बुखार, सर्दी और जुकाम के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। पिछले 10 दिनों की तुलना में अस्पताल की ओपीडी में करीब 300 मरीजों की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 1,610 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। करीब 10 दिन पहले प्रतिदिन औसतन 1300 मरीज आ रहे थे। सबसे अधिक भीड़ फिजिशियन और बाल रोग विभाग की ओपीडी में रही।
फिजिशियन डॉ. तापस त्रिपाठी ने बताया कि उनकी ओपीडी में करीब 600 मरीज आए। इनमें करीब 400 सर्दी, जुकाम और वायरल बुखार से पीड़ित मिले। तेज बुखार लगातार बना रहे या सांस लेने में तकलीफ हो तो तुरंत चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए।
डॉ. त्रिपाठी ने बचाव के लिए बच्चों को सूखे कपड़े पहनाने, नमी से बचाने, खुले में रखा खाद्य पदार्थ न खाने, पर्याप्त पानी पीने और तेज धूप में अनावश्यक बाहर न निकलने की सलाह दी।