फतेहपुर। एनएचआई की पेट्रोलिंग बोलेरो में मृत गोवंश को बांधकर घसीटकर ले जाते देखकर लोगों की रूह कांप गई। ऐसा कृत्य करने वाले के अंदर शायद मानवता है भी कि नहीं यह सोचने को मजबूर कर दिया। मामले का वीडीयो और फोटो वायरल हुआ। लोगों का गुस्सा भड़क उठा। बजरंग दल कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचे। उनकी ओर से बोलेरो चालक व अन्य आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र हाईवे के नउवाबाग के पास यूपी 70 बीपी 9712 बोलेरो में पीछे की ओर रस्सी से गोवंश को बांधकर ले जाते देखकर लोगों ने वीडीयो बनाया। बोलेरो में पीछे की ओर एनएचआई हाईवे पेट्रोलिंग लिखा है। नजारा देखने वालों के जुबां से तरह-तरह के कमेंट निकले। पुलिस ने कयास लगाया कि दुर्घटना में हाईवे पर गोवंश मरा होगा, तभी उसे एनचआई रोड से हटाकर कहीं ले जा रहे होंगे। बजरंग दल के नगर संयोजक प्रशांत कुमार ने वीडियो फुटेज समेत तहरीर कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस से आरोपी बोलेरो चालक को पकड़ने की मांग की गई। रजिस्ट्रेशन नंबर की जांच में जितेंद्र कुमार पांडेय के नाम गाड़ी होने का पता लगा। कोतवाल सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की गई है। गाड़ी मालिक से आरोपी चालक और उसके साथ बोलेरो में मौजूद लोगों के बारे में पता लगाया जा सकेगा।
एनएचआई की बोलेरो ने गोवंश बांधकर घसीटा
- पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन की चालू