फतेहपुर। जिला सेवायोजन कार्यालय चालू सत्र में 1500 युवाओं को नौकरी दिलाएगा। इसके लिए 15 रोजगार मेले लगाने की तैयारी है। इसी के तहत सोमवार को पहले ऑनलाइन मेले की शुरुआत हुई। पिछले साल 11 रोजगार मेले लगाकर 1602 युवाओं को नौकरी दिलाई गई थी।
जिला सेवायोजन कार्यालय को शासन से 2021-22 में 1500 युवाओं को नौकरी दिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लक्ष्य के अनुरूप युवाओं को नौकरी दिलाने के लिए सेवायोजन कार्यालय में 15 रोजगार मेले लगाने की तैयारी है। कोरोना संक्रमण के कारण चालू सत्र के ढाई महीने बीत चुके हैं और अभी तक एक भी रोजगार मेला नहीं लग पाया है। संक्रमण घटने के बाद सोमवार को जिला सेवायोजन कार्यालय ने वर्चुअल रोजगार मेले का आयोजन किया।
मेले में अंश डाटा टाइपिंग एंड साफ्टवेयर सोलर प्राइवेट लिमिटेड, सिस्को एक्वा, कॅरियर ब्रिज स्किल सोल्यूशंस, आर्किट इंडस्ट्रीज, हितैशी हेल्थ केयर, टेस्को रिंयूवेबिल, स्टार रेनबोज, पुखराज हेल्थकेयर आदि कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों का ऑनलाइन साक्षात्कार लिया। कितने युवाओं को नौकरी के लिए चयन किया गया है, इसकी दो से तीन दिन बाद जानकारी मिल पाएगी।
पिछले सत्र में जिला सेवायोजन कार्यालय में पूरे साल में 11 रोजगार मेले लगाए थे। इन मेलों के माध्यम से 1602 युवाओं को नौकरी मिली थी। यह उपलब्धि सिर्फ छह महीने की थी, लेकिन इस बार अभी मेले के लिए नौ महीने का समय शेष है। लक्ष्य को पूरा करने के लिए जिला सेवायोजन कार्यालय हर 20 दिन में एक रोजगार मेला लगाएगा।
पहला रोजगार मेला सोमवार को वर्चुअल हुआ है। सभी कंपनियों को पोर्टल में पंजीयन कराने वाले युवाओं को मोबाइल नंबर भेजे गए हैं। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों से ऑनलाइन साक्षात्कार लिया है। दो से तीन दिन बाद नौकरी के लिए चयनियत युवाओं की संख्या का पता चल पाएगा। इस सत्र में 1500 युवाओं को नौकरी दिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
- उज्ज्वल सिंह, जिला सेवायोजन अधिकारी।