फतेहपुर। अमर शहीद जोधा सिंह अटैया ठाकुर दरियाव सिंह चिकित्सा महाविद्यालय (मेडिकल कॉलेज) में रैगिंग की शिकायत यूजीसी तक पहुंचते ही प्रशासन सतर्क मोड में आ गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि वर्ष 2024 बैच के प्रशिक्षु चिकित्सक 2025 बैच के जूनियर छात्रों को कमरों में बुलाकर बेल्ट से पीटते हैं। शिकायतकर्ता ने अपनी पहचान गोपनीय रखने की मांग भी की थी।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मेडिकल कॉलेज की एंटी रैगिंग कमेटी ने सोमवार को दोनों बैच के 145 छात्रों से सामूहिक और व्यक्तिगत बयान दर्ज किए। सुबह 10 से शाम पांच बजे तक चली जांच में किसी भी छात्र ने रैगिंग या मारपीट जैसी घटना की पुष्टि नहीं की। दोनों बैच के छात्रों ने यूजीसी को अलग-अलग मेल भेजकर भी बताया कि उनके बीच किसी प्रकार का विवाद या रैंगिंग नहीं हुई है।
जांच के दौरान कमेटी ने छात्रों से कहा कि यदि कोई तथ्य है तो स्पष्ट बताए अन्यथा अभिभावकों को बुलाकर प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। चेतावनी के बाद भी किसी छात्र ने घटना की पुष्टि नहीं की।
जांच में यह भी सामने आया कि सोमवार को 2024 बैच के 25 और 2025 बैच के 30 छात्र अवकाश पर थे। कमेटी ने इनसे भी दूरभाष पर बात की लेकिन इनमें से भी किसी ने आरोपों को सही नहीं माना।
प्राचार्य डाॅ. आरके मौर्य ने कहा कि जांच में ऐसा कोई तथ्य नहीं मिला जिससे रैगिंग की पुष्टि होती हो। प्रारंभिक तौर पर यह शिकायत फर्जी मेल प्रतीत होती है। उन्होंने बताया कि यूजीसी से शिकायतकर्ता की पहचान संबंधी जानकारी मांगी जाएगी ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मेल किसने और किस उद्देश्य से भेजी।