अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। सीएचसी हथगाम से महज दो किलोमीटर दूर बसे गांव निहालपुर में सप्ताह भर से संक्रामक बीमारी फैली है। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग की नजर इस गांव पर नहीं पड़ी। नतीजा गांव के एक किशोर की बुखार से मौत हो गई।
इसी परिवार के तीन अन्य लोग बीमार हैं। गांव के तमाम लोग पेट दर्द और बुखार से पीड़ित हैं। एलर्जी (खुजली) के भी रोगी बढ़ते जा रहे हैं। सीएमओ का कहना है कि उन्हेें जानकारी नहीं दी गई है। शनिवार को स्वास्थ्य टीम भेजी जाएगी।
निहालपुर गांव गंगा कटरी के गंगारामपुर ग्राम पंचायत का मजरा है। लोधी बाहुल्य इस गांव में 35 घर हैं। आधे घरों मेें एक पखवारे से संक्रामक बीमारी फैली है। शिवानी (6), विकास (7), सुरेंद्र (9), जगरानी (65), नीरज (6), राजकली (40), सचिन (10), खुशी (4) प्राइवेट डॉक्टर से इलाज करा रहे हैं। अर्जुन लोधी के घर में बीमारी का कहर टूटा है। इनकी पत्नी सुभद्रा (45), बेटी महक (6), बेटा विकास (10) और आकाश (16) एक साथ बीमार हुए।
विकास और आकाश की हालत ज्यादा खराब होने पर उन्हें चार दिन पहले फतेहपुर के एक नर्सिंगहोम में भर्ती कराया गया। गुरुवार को आकाश की मौत हो गई। विकास को लेकर परिजन चिंतित हैं। सीएमओ डॉ. विनय कुमार पांडेय का कहना है कि उन्हें निहालपुर गांव में फैली बीमारी के बारे में पता नहीं है। स्थानीय सीएचसी की टीम को शनिवार भेजकर हालात पर काबू पाने का प्रयास किया जाएगा।