अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। आदर्श समायोजित शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन का धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। शुक्रवार को शिक्षामित्रों ने नहर कालोनी में धरना देकर दिल्ली के जंतर मंतर पर धरना-प्रदर्शन का एलान किया।
कहा कि जब तक दिल्ली में धरना प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलती, तब तक जिला मुख्यालयों में कार्यक्रम चलते रहेंगे। धरने के बाद शिक्षामित्रों ने जुलूस निकाल कलक्ट्रेट में डीएम को ज्ञापन दिया। इसमें मुख्यमंत्री से दोबारा सहायक अध्यापक बनाने की मांग की।
आंदोलन में दिन प्रतिदिन घटती शिक्षामित्रों की संख्या से जिला संगठन चिंतित है। दूसरे दिन के धरने में वक्ताओं का पूरा भाषण भीड़ बढ़ाने पर केंद्रित था। धरने की अध्यक्षता करते हुए एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष विजय सिंह गौर ने कहा कि शिक्षामित्रों को अब तक जो भी मिला है, वह आंदोलनों का ही परिणाम है।
आंदोलन करके ही शिक्षामित्र सहायक अध्यापक बने थे और फिर से आंदोलन कर सहायक अध्यापक बनेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन में कुछ लोग आंदोलन का विरोध कर रहे हैं। उनसे सावधान रहने की जरूरत है। आंदोलन में भीड़ न जुटने का गलत संदेश जा रहा है। इससे शासन प्रशासन पर दबाव नहीं बन पा रहा है।
आंदोलन को सफल बनाने के लिए शिक्षामित्रों को कम से कम पांच घंटे का समय देना ही होगा। धरने के बाद शिक्षामित्रों ने कलक्ट्रेट में डीएम को ज्ञापन दिया। धरने का संचालन जिला महामंत्री शिवकुमार यादव ने किया। कुलदीप सिंह, शैलेंद्र सिंह, अनूप पांडेय, यादवेंद्र सिंह, अवधेश सिंह, सुरेश सिंह, चंद्रपाल, रामबहादुर, राजकुमारी, सुनील पाल, यूनुस, इंद्रपाल सिंह, सुरेंद्र सिंह, सज्जन सिंह, सोहनलाल वर्मा, मो. हसन, विमल कुशवाहा, चंद्रभूषण, सुनील मिश्रा, सुधा सिंह, विजय लक्ष्मी, ललिता सिंह, मिथलेश कुमारी, अमरीश सिंह, अमित कैप्टन भी मौजूद रहे।
शिक्षामित्रों को नहीं मिलेगी टीएलएम धनराशि
बेसिक शिक्षा विभाग ने सहायक अध्यापक पद का समायोजन रद होने वाले शिक्षामित्रों का टीचिंग लर्निंग मैटेरियल फंड रोक दिया है। इस बार फंड में प्रति शिक्षक मिलने वाली पांच सौ रुपये की धनराशि स्कूल प्रबंध समिति के खाते में नहीं जाएगी।
अन्य शिक्षक और शिक्षामित्रों को यह लाभ पहले की तरह मिलेगा। ऐसे में साफ हो गया है कि वर्तमान में अब ये शिक्षामित्र भी नहीं बचे हैं। बीएसए शिवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शिक्षामित्र और बीटीसी एवं विशिष्ट बीटीसी शिक्षकों को टीएलएम की धनराशि भेजी गई है।