बहुआ। दरवेशाबाद ट्रांसमिशन से उपकेंद्र को आने वाली हाईटेंशन लाइन की तार टूटने के कारण क्षेत्र के दो उपकेंद्रों की 14 घंटे बिजली बंद रही। इससे करीब 150 गांवाें के लोग प्रभावित हुए। रविवार दोपहर दो बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई, तब लोगों ने राहत की सांस ली।
कस्बा के उपकेंद्र व दतौली उपकेंद्र को एक ही 33 केवीए लाइन से विद्युत आपूर्ति होती है। दोनों उपकेंद्र से करीब 150 गांवों को बिजली दी जाती है।
शनिवार रात करीब 12 बजे अचानक 33 केवीए लाइन में फाल्ट हो गया और दोनों उपकेंद्र की बिजली बंद हो गई। सुबह उपकेंद्र के लाइनमैन फाल्ट ढूंढते हुए ठिठौरा गांव के पास पहुंचे तो तार टूटा मिला। दोपहर दो बजे फाल्ट सही हुआ, तब आपूर्ति बहाल हुई। जेई राकेश यादव ने कहा कि सुबह लाइनमैनों को भेज कर फाल्ट सही कराया गया है। हाईटेंशन लाइन जंगल से होकर अधिक दूरी के कारण रात में फाल्ट ढूंढना और कराना संभव नहीं है।