हुसैनगंज(फतेहपुर)। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के मकनपुर गांव निवासी विजय बहादुर पाल का बेटा लवकुश पाल (15) शनिवार को जंगल में मवेशी चराने गया था। जंगल से गांव के एक भट्ठे के मुनीम और उसी भट्ठे के ट्रैक्टर का चालक किशोर को उठा ले गए थे। पिता विजय बहादुर ने बताया कि उसके बेटे की जमकर पिटाई की गई। खेत से वापस आ रही उसके भाई की पत्नी को भट्ठे में पिटाई किए जाने का पता लगा। वह लवकुश को
छुड़ाकर बेदम हालत में घर लाई थी। उसने आरोपियों से मारपीट के बारे में पूछा तो उन्होंने ट्रैक्टर चालक का 12 दिन पहले मोबाइल चोरी करना बताया। मोबाइल भी बेटे से मिलने की बात कही। वह लोग बेटे को इलाज कराने ले गए। डाक्टर ने अल्ट्रासाउंड जांच को लिखा। बेटे की शाम को हालत अत्यधिक बिगड़ गई। जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घटना से मां बोधनी देवी का हाल बेहाल हो गया। लवकुश से एक बड़ा भाई संदीप और छोटा सूरज है। पिता विजय बहादुर मुंबई में प्राइवेट नौकरी करता है। पिता शनिवार को खेत काटने के लिए गांव आया था। थानेदार राकेश जयसवाल ने बताया कि संदिग्ध आरोपियों को पकड़ा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जो तथ्य सामने आएगे उस पर कार्रवाई की जाएगी।
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार गंभीर
फतेहपुर। हुसैनगंज थाने के भगला का पुरवा निवासी ओम प्रकाश उर्फ मुल्ली और मोहम्मद मुर्तजा शनिवार रात बाइक से घर जा रहे थे। कोतवाली क्षेत्र के चौफेरवा के पास ट्रक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए। घायल मुर्तजा को कानपुर रेफर किया गया। उधर, मलवां थाने के सौरा निवासी मनोज, योगेंद्र बाइक से कस्बे की ओर जा रहे थे। कार की टक्कर से घायल हो गए। पुलिस को इनके पास हेलमेट नहीं मिले।
ब्यूरो
युवक ने जहर खाया
फतेहपुर। किशनपुर थाने के भवानीपुर गांव निवासी मुन्ना के बेटे बबलू ने शनिवार रात संदिग्ध हालात में जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ी देख परिजन जिला अस्पताल लाए। डाक्टरों ने उसे कानपुर रेफर किया है।
ब्यूरो