फतेहपुर। रारी-गढ़ा मार्ग निर्माण के साल भर में ही उखड़ने लगी है। हाल यह है कि रारी गांव से धाना मोड़ तक सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है। इससे लोगों को आवाजाही में खासी दिक्कत हो रही है। यह सड़क यमुना तिरहार के दर्जन भर गांवों को तहसील व ब्लाक मुख्यालय को जोड़ती है।
पीडब्लूडी ने रारी मोड़ से गढ़ा मार्ग साल भर पहले बना है। इस सड़क पर हल्के वाहनों का ही आवागमन होता है। तिरहार के चंदापुर, गढ़ा, कोट, गाजीपुर, धाना, गिरधरपुर, संगोलीपुर, गंज, रारी, रघुराजपुर समेत अन्य गांवों को यह सड़क जोड़ती है। चंदापुर गांव के सत्य प्रकाश का आरोप है कि सड़क निर्माण के नाम पर खानापूरी की गई है।
गिट्टी डालने के बाद मात्रा से कम डामर का उपयोग हुआ है। इससे सड़क एक साल में ही उखड़ गई। रघुराजपुर के राजेंद्र सिंह ने बताया कि पूरी सड़क में बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इस बार की बारिश में सड़क उखड़ कर संकरी हो जाएगी। उधर, अधिशासी अभियंता आरके सोनकर ने बताया कि मौरंग के ओवरलोड वाहन चलते हैं। इससे सड़क खराब हो रही है। चार महीना पहले सड़क एकदम सही थी।