चोरी करने गए बदमाशों ने की हवाई फायरिंग
फतेहपुर। मलवां थाना क्षेत्र के पनई इनायतपुर गांव में शुक्रवार की रात नलकूप में चोरी करने पहुंचे बदमाशों को ग्रामीणों ने घेर लिया। बदमाश हवाई फायरिंग कर गन्ने के ढेर में छिप गए। इससे ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। करीब एक हजार ग्रामीण खेत पर मौजूद रहे। पीआरवी टीम भी बदमाशों का पीछा नहीं कर सकी। थानेदार के पहुंचने पर सर्च अभियान चलाया गया। बदमाश हत्थे नहीं चढ़े। पुलिस ने तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
पनई गांव निवासी राजू कोरी अपने नलकूप पर रात में सो रहे थे। रात करीब 11 बजे बदमाश पहुंच गए। बदमाशों ने नलकूप का काफी सामान चुरा लिया। तभी राजू की नींद खुल गई। इनके शोर मचाने पर ग्रामीण पहुंच गए। ग्रामीणों को आता देखकर बदमाश तमंचे से फायरिंग कर गन्ने के ढेर में घुस गए।
बिंदकी प्रतिनिधि ने बताया कि घटना की सूचना पर यूपी 100 की गाड़ी पहुंची। पुलिस कर्मियों ने ग्रामीणों से बातचीत करने के बाद थानेदार अनूप सिंह को सूचना दी। पीआरवी टीम बदमाशों का पीछा करने की हिम्मत नहीं जुटा सक ी।
सैकड़ों की तादाद में ग्रामीणों को इकट्ठा देखकर गन्ना के ढेर में पुलिस कर्मियों ने बदमाशों की तलाश की। इसके बाद पुलिस गांव के जंगल में पहुंची। भोर के चार बजे तक पुलिस गांव में कांबिंग करती रही। ग्रामीणों ने बदमाशों के पास बम होने के बारे में भी पुलिस को बताया। एसओ अनूप सिंह ने बताया कि राजू की तहरीर पर नाहर सिंह समेत तीन के खिलाफ नलकूप का स्टार्टर व पाइप चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
- पुलिसकर्मी बदमाशों का पीछा करने से घबराए, सैकड़ों ग्रामीण, घटनास्थल पर पूरी रात रहे इकट्ठा, चार घंटे पुलिस ने की कांबिंग