किशनपुर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना के तहत कस्बे की 12 सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। करीब 75 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इन सड़कों का कार्य जल्द शुरू होगा।
नगर पंचायत के वार्ड संख्या दो में दो, वार्ड तीन में तीन और वार्ड चार में तीन सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा वार्ड पांच और वार्ड सात में एक-एक सड़क बनाई जाएगी। वार्ड आठ और वार्ड-10 में भी एक-एक सड़क निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सीसी सड़कों के निर्माण के बाद कस्बावासियों को जर्जर और बदहाल सड़कों से काफी हद तक राहत मिलेगी। ईओ नगर पंचायत रोहित कुमार ने बताया कि सड़कों के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।