फतेहपुर जिले में प्लॉट का झांसा देकर किराना कारोबारी से 12 लाख रुपये एक महिला ने हड़प लिए। रुपये मांगने पर कारोबारी को झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के किराना गली कस्बा निवासी नीरज कुमार किराना कारोबारी हैं।
उन्होंने बताया कि वह मलवां के उमरगहना निवासी संजय सिंह और उनकी पत्नी कोमल देवी से परिचित हैं। उन लोगों ने अपनी चावल मिल के संचालन के लिए रुपयों की जरूरत बताई। रुपयों के लिए सथरियांव स्थित प्लॉट को बेचने की बात कही। सौदा तय होने पर उसने कोमल के नाम 12 लाख रुपये का चेक दे दिया।
इसके बाद बैनामा कराने के लिए कहने पर दंपती टालमटोल करने लगे। कुछ दिन बाद एक अन्य को कोमल ने प्लॉट बेच दिया। इस दौरान संजय सिंह की मौत हो गई। उसने कोमल से बैनामा नहीं करने पर रकम वापस मांगी। 19 फरवरी को कोमल अपने पिता, भाई, देवर के साथ कुंवरपुर रोड स्थित जनता बाईपास मोड़ पर मिली। उसे धमकी दी कि रुपये मांगना बंद कर दो, नहीं तो उसे वह झूठे मुकदमे में फंसा देगी। उसके साथ के लोगों ने गालीगलौज और जान से मारने की धमकी दी। कोतवाल एसबी सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।