फतेहपुर। जनपद में बाल कल्याण विभाग व चाइल्ड लाइन के प्रयासों से पिछले तीन सालों में 12 बाल विवाह रुकवाए गए। साल 2022-23 में छह, साल 2023-24 में पांच मामले सामने आए थे। हालांकि इस वर्ष 2024-25 में अभी तक सिर्फ एक मामला सामने आया है।
चाइल्ड लाइन के नोडल अधिकारी धीरेंद्र अवस्थी के मुताबिक 28 नवंबर को एक बाल विवाह की शिकायत जिलाधिकारी रविंद्र कुमार व राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग को मिली थी। गाजीपुर बस स्टॉप के पास नई बस्ती गरड़ियनपुरवा निवासी एक शख्स अपनी 17 वर्षीय बेटी की शादी कर रहे थे। नाबालिग की शादी सुंदर नगर कॉलोनी निवासी शुभम से हो रही थी और 28 नवंबर को बरात जानी थी। शिकायत मिलने पर तत्काल शादी रुकवा दी गई। लड़की के परिजनों को बाल अधिकार संरक्षण आयोग में पेश किया गया। उन्होंने लिखित में लड़की के बालिग होने पर शादी करने की बात कही है।