फतेहपुर। गर्भ निरोधक अंतरा का इंजेक्शन अब सभी प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में बिल्कुल फ्री लगाया जाएगा। अभियान के अंतर्गत जिला महिला चिकित्सालय के साथ जिले के सभी 13 विकास खंडों के पीएचसी और सीएचसी केंद्रों में सौ सौ इंजेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं।
अंतरा इंजेक्शन तीन महीने के लिए गर्भधारण रोकने में मदद करता है। बच्चों के बीच सही अंतर रखने के लिए प्रभावी व सुरक्षित गर्भ निरोधक विकल्प है। हसवा की रहने वाली सावित्री देवी कहती हैं कि उन्होंने एक महीने पहले फरवरी माह में अंतरा इंजेकशन लगवाया था उसके बाद से उन्हे कोई दिक्कत नहीं हुई। इसी प्रकार कोराई गांव की सरोज देवी ने कहा कि उनके एक बेटा है। अब गर्भ निरोधक के लिए अंतरा इंजेक्शन पिछले हफते
लगवाया है। मुख्य चिकित्साधिकारी डा उमाकांत पांडेय ने बताया कि जिला महिला चिकित्सालय में एएनएम और स्टाफ नर्स को नवीन गर्भ निरोधक अंतरा इंजेक्शन लगाने की विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अभी तक अंतरा इंजेक्शन जिला महिला चिकित्सालय में उपलब्ध था लेकिन अब यह पीएचसी सीएचसी में आसानी से मिल जाएगा।
प्रति डोज लाभार्थी को मिल रहे सौ रुपये
जिला महिला चिकित्सालय की सीएमएस डॉ. रेखारानी कहती हैं कि अंतरा इंजेक्शन पूरी तरह सुरक्षित है। बच्चों के बीच अंतर रखने का यह सबसे अच्छा विकल्प है। जो महिलाएं अंतरा का विकल्प चुनती हैं उन्हे प्रति डोज सौ रूपये दिए जाएंगे। साथ ही महिला को लाने वाली प्रेरक आशा को भी सम्मानित किया जाएगा।
गर्भ निरोधक इंजेक्शन के फायदे
- इसको गोली की तरह हर रोज लेने के झंझट नहीं।
- इसको इस्तेमाल करने से गर्भ धारण करने का खतरा न के बराबर रहता है।
- बच्चा होने के बाद से इसका इस्तेमाल शुरू किया जा सकता है।
पीएचसी और सीएचसी में भी मिलेगा अंतरा इंजेक्शन मुफ्त
- करीब एक वर्ष में लगभग 18 सौ महिलाएं ले चुकी लाभ
- प्रत्येक पीएचसी और सीएचसी को दिए गए सौ सौ इंजेक्शन
अमर उजाला ब्यूरो