फतेहपुर। यूपी राइस मिलर्स एसोसिएशन और ट्रक एसोसिएशन ने शनिवार को एफसीआई के खिलाफ गोदाम के बाहर प्रदर्शन किया। राइस मिल के चावल को समय से न उतारने और गोदाम में रखने में हीलाहवाली से यह नाराज हैं।
मिलर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष मनोज गांधी ने कहा कि क्रय केंद्रों में खरीदे गए धान की कुटाई कर चावल गोदाम में पहुंचाया जाता है। मिल मालिकों का कहना है कि एफसीआई के अधिकारी, कर्मचारी ट्रक चालकों से अभद्रता करते हैं। ट्रक से चावल उतार कर गोदाम में नहीं रखते हैं। एक ट्रक चावल को गोदाम में रखने के लिए
चालकों को तीन से चार दिन खड़े रहना पड़ता है। समय से ट्रक खाली न होने पर ट्रक मालिकों को हल्डिंग (खड़े रहने का भाड़ा) देना पड़ता है। मिल मालिक अरविंद पांडेय ने कहा कि क्रय केंद्र में जो धान खरीदा जाता है उसे
जब तक गोदाम नहीं पहुंचाया जाएगा मिल मालिकों को कुटाई नहीं मिलेगी। खाद्य निगम के अधिकारियों की अनदेखी से चावल समय पर रिसीव नहीं होता है। मिल मालिकों को चावल में जो मुनाफा होता है वह ट्रकों की हल्डिंग में लग जाता है। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष गोविंद बाबू टाटा, जीतू, ट्रक चालक सहाब उद्दीन, मुख्तार, नईम, मोनी मौजूद रहे।