फतेहपुर। मलवां विकास खंड के थानपुर गांव में एक माह से बीमारी फैली है। अब तक चार मासूमों की जान जा चुकी है। करीब आधा दर्जन का निजी अस्पतालों में इलाज हो रहा है। स्वास्थ्य महकमा इससे अभी तक अनजान है।
लोगों के मुताबिक यह बीमारी बच्चों को गिरफ्त में ले रही है। गले में सूजन, सांस लेने में दिक्कत के शुरुआती लक्षण सभी में पाए गए हैं। धीरे-धीरे समस्या बढ़ती जाती है। स्थानीय स्तर पर इलाज कराने के बाद कानपुर हैलट व प्राइवेट अस्पतालों में अब तक चार मासूमों की मौत हो चुकी है। अभी तक गांव में स्वास्थ्य टीम नहीं पहुंची है। आधा दर्जन बच्चे इस बीमारी की चपेट में हैं। दो से 12 उम्र के बच्चे और बच्चियों में यह रोग फैला है। इस बीमारी से अब तक आरती (8) पुत्री रामबाबू, आशीष के पुत्र हरिशंकर (2), विजयश्री (8) पुत्री फूलचंद उर्फ कल्लू की हैलट कानपुर में मौत हो चुकी है।
वहीं अवधेश (4) पुत्र अनिल की सोमवार को प्राइवेट अस्पताल कानपुर में मौत हो गई। राकेश की बेटी सोनिका (8), हरिश्चंद्र का बेटा छोटू (4) समेत आधा दर्जन बच्चे इस बीमारी की चपेट में हैं। इनका इलाज स्थानीय स्तर पर होने के बाद कानपुर में चल रहा है। प्रधान श्याम बाबू, शैलेंद्र सिंह, बांकेलाल, राजू, अमृतलाल, रामआसरे, पुच्ची ने बताया कि गांव में दहशत है। अभी तक स्वास्थ्य टीम नहीं आई है।
दूसरी ओर सीएमओ डॉ. उमाकांत पांडेय का कहना है कि बुधवार को टीम के साथ मौके पर जाएंगे। बीमारी के बारे में जानकारी ली जाएगी। अभी बीमारी के बारे में कुछ कह पाना मुश्किल है।
बीमारी ने पसारे पैर, एक माह में चार की मौत
थानपुर गांव में फैली है बीमारी, आधा दर्जन अभी भी हैं बीमार, बच्चों को गिरफ्त में ले रही बीमारी, स्वास्थ्य महकमा अनजान
्र